
पहली छमाही में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने पर डाक सेवकों की सराहना, खाता खोलने और बीमा व्यवसाय बढ़ाने पर दिया जोर
दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। बिहार डाक सर्किल की मुख्य महाध्यक्ष श्रीमती शशि शालिनी कुजूर के पहली बार जलालपुर प्रखंड के किशुनपुर शाखा डाकघर पहुंचने पर डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर डाक परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सारण डाक प्रमंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों ने भाग लिया।
भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश्वर कुंवर ने शाल ओढ़ाकर तथा श्रीरामकृष्ण आश्रम द्वारा संपादित पुस्तक *‘मैं मां हूं, मैं सबकी मां हूं’* भेंटकर मुख्य महाध्यक्ष को सम्मानित किया। वहीं, किशुनपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुखिया संघ के अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह ने भी उन्हें शाल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाध्यक्ष श्रीमती शशि शालिनी कुजूर ने एक-एक कर विभिन्न शाखा डाकघरों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए आने वाले दिनों में डाक विभाग के समक्ष उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से अधिकारियों और कर्मचारियों, विशेषकर ग्रामीण डाक सेवकों को अवगत कराया।
उन्होंने देश स्तर पर व्यवसाय के मामले में प्रथम छमाही में बिहार सर्किल के दूसरे स्थान पर रहने पर डाक सेवकों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को और बेहतर बनाने के लिए सभी कर्मियों को पूरी निष्ठा एवं मेहनत से काम करना होगा, ताकि बिहार सर्किल देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर सके।
खाता खोलने और बीमा व्यवसाय बढ़ाने पर विशेष जोर
मुख्य महाध्यक्ष ने डाकघरों में अधिक से अधिक खाते खोलने तथा डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के व्यवसाय को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय लक्ष्यों को पूरा करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी डाक सेवकों को आधार नामांकन का आईडी उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
मुख्य महाध्यक्ष के आगमन से डाककर्मियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। कार्यक्रम में सारण प्रमंडल के उपाधीक्षक दिनेश साह, वरिष्ठ पोस्टमास्टर ऊषा कुमारी, सहायक डाक अधीक्षक नीरज कुमार, डाक निरीक्षक रजनीश कुमार, रमेश चन्द्र, राजवीर सिंह, अशोक पाण्डेय, नग नारायण सिंह, तरुण कुमार सिंह, सनत कुमार तिवारी, सरपंच अनिल कुशवाहा सहित सैकड़ों डाककर्मी उपस्थित रहे।






Recent Comments