
नाम वापसी के लिए 9 अक्टूबर तक का समय, उसी दिन जारी होगी चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची; पांच जिलों में होगा मतदान:
छपरा, 07 अक्टूबर।
बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र संख्या – 03 में चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी कर ली गई। जांच में दाखिल सभी 19 नामांकन पत्र वैध पाए गए है। लेकिन अब चुनावी तस्वीर नाम वापसी के बाद और स्पष्ट होगी। अभ्यर्थी 9 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद उसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक एवं वर्ष 2007 बैच के वरीय आईएएस अधिकारी दीपक आनंद मौजूद रहे। निर्वाची पदाधिकारी सह सारण के प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के सचिव प्रमोद कुमार पाण्डेय सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। बुधवार को इन सभी 19 नामांकन पत्रों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई। संवीक्षा के बाद सभी को विधि मान्य पाया गया। निर्वाचन कार्यालय की ओर से वैध अभ्यर्थियों की फोटो सहित और फोटो रहित सूची भी प्रकाशित कर दी गई है। अभ्यर्थियों को सूची में अपने नाम और फोटो का मिलान करने को कहा गया है। नाम अथवा फोटो में किसी तरह की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
नाम वापसी के बाद तय होगी अंतिम तस्वीर:
अब सभी की नजर 9 अक्टूबर पर है। अपराह्न तीन बजे नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में बचे अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसी सूची के आधार पर मतपत्रों का मुद्रण कराया जाएगा। इसके साथ ही चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। 03- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन क्षेत्र में सारण के अलावा सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं। पांच जिलों में शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।




Recent Comments