पानापुर (सारण )काफी दिनों से फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत स्थानीय थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के उभवा सारंगपुर गांव में दहेज हत्याकांड के फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई की. न्यायालय द्वारा निर्गत आदेश के बाद सीओ अजय कुमार एवं थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस बल के जवान एवं चौकीदार उभवा सारंगपुर पहुंचे एवं कुर्की जब्ती  की कार्रवाई की.पुलिस ने घर के सामान को जब्त किया.थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि उभवा सारंगपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी थी. उसी मामले में आरोपित भगवान शर्मा एवं उनकी पत्नी टेंगनी देवी काफी दिनों से फरार चल रहे थे. न्यायालय द्वारा निर्गत कुर्की वारंट के तहत कार्रवाई की गयी है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.न्यायालय के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.