
छपरा, 13 जुलाई।
सारण जिले में क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की पहल पर एक ही दिन में 200 निक्षय मित्र बनाए जाने के बाद जिले में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ी है। यद्यपि ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के द्वारा वविगत कई वर्षों से टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और उपचार में सहयोग का सराहनीय दायित्व निभाया जा रहा है। संस्था की संस्थापिका सह सचिव डॉ. अंजू सिंह के नेतृत्व में शहर के साधनापुरी स्थित कार्यालय परिसर में गोद लिए गए नए टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण किया गया। इस अवसर पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक लाभार्थी को एक- एक पौधा भी भेंट किया गया। संस्था का यह प्रयास स्वास्थ्य सेवा के साथ सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया है।
गौरतलब है कि ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति पिछले कई वर्षों से छपरा नगर निगम, सदर प्रखंड तथा एकमा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के टीबी मरीजों को गोद लेकर नियमित रूप से पोषण पोटली उपलब्ध कराने के साथ – साथ जागरूक भी किया जाता है। संस्था के इस सतत प्रयास से अनेक मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण एवं सामाजिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनके मनोबल में भी वृद्धि हो रही है।
डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि हाल ही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिन टीबी मरीजों का अब तक राशन कार्ड नहीं बना है, उनका राशन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने इस पहल के लिए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पात्र मरीजों को सरकार की खाद्यान्न योजनाओं का लाभ समय पर मिलने और उनके परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलेगी। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों, व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान पौष्टिक आहार, सामाजिक सहयोग और आत्मीयता का भाव टीबी मरीजों के आत्मविश्वास को मजबूत करता है तथा उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रेरित करता है। जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका सह सचिव डॉ अंजू सिंह, डॉ एम पी सिंह, डॉ नीला सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




Recent Comments