तरैया, सारण। थाना क्षेत्र के पोखरेरा गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ तरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें पति समेत चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि वर्ष 2019 में पोखरेड़ा गांव निवासी प्रभुनाथ सिंह उर्फ चांदनी सिंह के पुत्र राजीव रंजन सिंह के साथ उसकी शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार सम्पन्न हुई। शादी के बाद वह अपने ससुराल आयी और रहने लगी। लेकिन कुछ ही दिन बाद उसके पति राजीव रंजन सिंह, रविंद्र सिंह, गुड़िया देवी, किशोरी देवी, सभी मिलकर दहेज में चार लाख रुपये के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। इसकी सूचना उसने अपने पिता जी को दी, जिस पर उसके पिता ससुराल वालों को आकर समझाएं बुझाए। लेकिन ससुराल पक्ष वाले नहीं माने और उसे जान से मार देने की धमकी देने लगे। इन सभी प्रताड़नाओं एवं धमकियों से तंग आकर डर से वह अपने पिता के साथ मायके चली गई। पीड़ित महिला का यह भी आरोप है कि इन लोगों द्वारा पूर्व में रविंद्र सिंह की पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गहनता पूर्वक से जांच कर रही है।