तिलकोत्सव समारोह में धावा बोल पट्टीदार ने की फायरिंग, गोलीबारी की आवाज सुन मची भगदड़

मांझी(सारण)। रविवार की रात थाना क्षेत्र के सिंगही गांव में पड़ोसी के दरवाजे पर हो रहे तिलकोत्सव समारोह पर धावा बोल कर पट्टीदार ने समारोह में शामिल लोगों की जमकर पिटाई शुरू कर दी जिससे भगदड़ मच गई। हमले से भयभीत दूल्हा समेत अन्य परिजनों को अपने घर के अंदर से दरवाजा बंद कर छुपना पड़ा। भगदड़ के बाद पट्टीदार के समर्थकों ने दूल्हे के घर पर लगभग 22 राउंड फायरिंग भी की जिससे उनके घर के दरवाजे खिड़की में सुराख हो गया और दरवाजे खिड़की आदि क्षतिग्रस्त हो गए। घर की दीवाल पर भी गोली चलने के कई निशान मौजूद है। हमले की जानकारी देते हुए गृह स्वामी मनोज सिंह के पुत्र व दूल्हा संतोष सिंह ने बताया कि बाद हमलावरों ने कथित रूप से जमकर लूटपाट की तथा रिश्तेदारों की दो बाइक और तिलक में चढ़ाए गए बर्तन बक्शा अटैची व फर्नीचर के सामानों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट के क्रम में कई महिलाओं के जेवर आदि भी छीन लिए जाने की शिकायत परिजनों ने की। बंदूक के कुंदे व लात घूसों से घर के लोगों व रिश्तेदारों की बुरी तरह पिटाई की गई। तथा डब्बों में रखे खाने पीने की सामग्री को जमीन पर उलट दिया। हमले का रुख देख आस पास के ग्रामीण भी अपने अपने घर की ओर भाग निकले। हालात खराब देखकर अपनी लाडली बेटी का तिलक लेकर आये एकमा प्रखंड के लाकठ छपरा के तिलकहरू भी बिना भोज खाये बैरंग वापस भाग निकले। घटना की सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने घटना की तहकीकात की। घटना के बाद हमलावर पक्ष के सभी पट्टीदार फरार बताए जाते हैं।
घर के पीछे की नाली बनाने को लेकर वर्षों से जारी है दोनों पट्टीदारों का विवाद।
मनोज सिंह ने बताया कि उनके घर के पीछे पट्टीदार रघुनाथ सिंह ने पंचायत की राशि से धोखे से नाला का निर्माण करा दिया। यह निर्माण तब कराया गया जब वे सपरिवार पंजाब थे। उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार पंजाब में रहता है। वहां भी उनका अपना घर है। गत वर्ष नाली निर्माण के सम्बंध में उन्होंने पट्टीदार से शिकायत की तो रघुनाथ सिंह के पुत्रों ने मारपीट कर उनका हाथ तोड़ दिया था। बाद में स्थानीय मुखिया सिया देवी के पुत्र शैलेन्द्र उपाध्याय तथा भजौना नचाप के मुखिया मनीष सिंह ने इस मामले में पंचायती भी की थी। मुखिया लोगों द्वारा दोनों पक्षों के बीच शांति ब्यवस्था की अपील तथा आश्वासन दिए जाने के बाद ही उन्होंने अपने बेटे की शादी पैतृक निवास से करने का मन बनाया था।
घर में मौजूद महिलाओं द्वारा दूल्हे के चुमावन की रस्म अदायगी के दौरान किसी ने रघुनाथ सिंह की छत पर रोड़ा फेंक दिया था इससे क्रुद्ध होकर उनके बेटे पिन्टु सिंह के साथ अन्य लोगों ने हमला बोल दिया। भोज चल रहा था अभी पत्तल में सिर्फ पूड़ी व सब्जी ही चला था कि मारपीट शुरू हो गई जूठे हाथ मुँह लोगों में अचानक भगदड़ मच गई। तिलकोत्सव का सारा उत्साह काफूर हो गया और गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग दहशत जदा हो गए। कई ग्रामीणों ने बताया कि गोली लगने के भय से वे लोग बीच बचाव में नही जा सके।

दूल्हा ने प्राथमिकी दर्ज कराई,आठ नामजद

मांझी। बीती रात सिंगही गांव में तिलकोत्सव समारोह के दौरान हुए हमले की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दूल्हा संतोष सिंह द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में कुल आठ लोगों को नामजद व लगभग एक दर्जन अज्ञात को आरोपित किया गया है। कट्टा लाठी भाला फरसा तथा तलवार से लैस लोगों द्वारा हमला कर लगभग दस लाख रुपये के जेवर आदि लूट लिए जाने के साथ साथ महिलाओं के साथ बदसलूकी व छेड़खानी का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में एक दर्जन से अधिक लोगों के जख्मी होने की बात बताई गई है।