दैनिक खोज खबर/तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र के रामपुर महेश गांव में अपनी मायके भतीजी की शादी समारोह में शामिल होने आई दो बहनों के सोए अवस्था में मोबाइल फोन और आभूषण चोरी कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में बनियापुर थाना क्षेत्र के कमाता नया टोला निवासी मनोज साह की पत्नी बसंती देवी ने तरैया थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि वह 22 जून को अपनी भतीजी की शादी समारोह में अपने मायके रामपुर महेश आई हुई थीं। शादी संपन्न होने के बाद 24 जून की रात वह अपनी मां और बहन रूपवंती देवी के साथ घर के बरामदे में सोई हुई थीं। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे दो अज्ञात चोर घर के बगल में बाइक खड़ी कर वहां पहुंचे और सोए अवस्था में उन दोनों बहनों के गले से दो मंगलसूत्र, दो जिउतिया तथा एक बहन के कान की बाली निकाल ली, जब चोर दूसरी बहन के कान से बाली निकाल रहे थे, तभी उनकी नींद खुल गई। उसने देखा कि चोर मोबाइल और कान की बाली लेकर भाग रहा है। शोर मचाने पर दोनों चोर उत्तर दिशा की ओर पचौड़र गांव की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। चोर दोनों बहनों के दो मोबाइल फोन, दो मंगलसूत्र, दो जिउतिया तथा कान की बाली लेकर फरार हो गए। इधर पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।