◆ मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया उद्घाटन, विधायक ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

तरैया, (सारण)। प्रखंड के परौना गांव स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से विधिवत उद्घाटन किया। जिसके बाद स्थानीय विधायक सह याचिका समिति के अध्यक्ष जनक सिंह, जिला परिषद हरिशंकर सिंह, मढ़ौरा डीसीएलआर धनंजय त्रिपाठी, तरैया बीडीओ विभु विवेक, प्रभारी बीईओ ओमप्रकाश झा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक जनक सिंह ने कहा कि प्रखंड में डिग्री कॉलेज खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अब अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। विधायक ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त किया। आगें उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, विशेषकर लड़कियों को सबसे अधिक लाभ होगा, जिन्हें पहले उच्च शिक्षा के लिए शहर जाना पड़ता था। अब उन्हें अपने गांव और घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सकेगी। कार्यक्रम में जिला पार्षद हरि शंकर सिंह, समाजसेवी सह प्रसिद्ध व्यवसायी ओमप्रकाश सिंह, सारण विकास मंच के अध्यक्ष अमरनाथ सिंह, पूर्व प्रमुख मुन्ना सिंह, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, मुखिया ओम प्रकाश राम, संजीव कुमार सिंह, रंजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।