तरैया के नंदनपुर में स्टेट हाइवे पर दो बसों के टक्कर में चालक समेत दर्जन भर यात्री घायल

छपरा : तरैया थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव में शनिवार की दोपहर बाद एसएच 73 के तीखा मोड़ पर दो बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में सिवान से पटना जा रही बस के चालक समेत कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पटना से सिवान की तरफ जा रही बस सड़क किनारे बिजली पोल व एक पेड़ को तोड़ते हुए खेत में लुढ़क गई। चालक जख्मी हो गया। हालांकि मौका देख चालक व खलासी फरार हो गए।आसपास के लोग दौड़े आए तो पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। संयोग था कि यात्रियों को उतनी गंभीर चोटें नहीं आई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी।

तीखा मोड़ पर दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसके बाद चीखपुकार मच गई। चालक व यात्री जख्मी हो गए। ग्रामीण दौड़ते हुए पहुंचे। दोनों बसों के यात्रियों को बाहर निकाला। उस समय एएसआइ अरुण कुमार गांव के पास ही वाहनों की जांच कर रहे थे। वे भी पहुंचे। घायलों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अन्य यात्रियों के लिए दूसरे गाड़ियों का इंतजाम कर उन्हें भेजा गया। घटना के बाद काफी भीड़ जुट गई थी।




Recent Comments