दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतक तरैया गांव निवासी अमरनाथ गुप्ता उर्फ छपरहिया का 25 वर्षीय पुत्र राजा कुमार उर्फ राजा बाबू बताया गया है। घटना के सम्बंध में परिजनों ने बताया कि राजा नववर्ष की पार्टी मनाने अपने दोस्तों के साथ गया हुआ था। गुरुवार रात्रि में उसके दोस्त राजा को अचेत अवस्था में घर लाए और बताए कि वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। घर लाने के कुछ देर बाद ही राजा को उल्टियां होने लगी। राजा के सिर पर चोट के निशान भी थे, जिसे परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसके साथ मारपीट की गई हैं। राजा को उसके परिजन गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तरैया थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और शुक्रवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का ही प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।