
डिप्टी सीएम ने सोनपुर मेला का किया उद्घाटन
सोनपुर : विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले का उद्घाटन बुधवार को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने किया. कार्तिक पूर्णिमा से लगने वाला सोनपुर मेला इस साल 32 दिनों तक चलेगा.मेले के उद्घाटन स्थल पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक पंडाल को दुल्हन की तरह सजाया गया था. प्रदर्शनियां, गर्म कपड़ों की दुकानें, खेल-तमाशा, होटल, थिएटर आदि को अंतिम रूप दिया जा चुका है। पशु बाजार, खासकर घोड़ा बाजार भी लग चुका है।
उद्घाटन के मौके पर पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद जनार्दन सिग्रीवाल, मंत्री राणा रणधीर, स्थानीय विधायक रामानुज प्रसाद, अमनौर विधायक शत्रुघ्न तिवारी, छपरा विधायक डॉ सीएन गुप्ता, एमएलसी बीरेंद्र नारायण यादव आयुक्त नर्मदेश्वर लाल, डीआईजी विजय कुमार वर्मा, डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसपी हरकिशोर राय समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ロ हरि और हर की भूमि पर मेला :
हरि व हर की पावन भूमि पर सोनपुर मेला लगता है। धार्मिक मान्यता है कि गज और ग्राह के बीच हुए युद्ध में गज की पुकार पर यहां हरि व हर आए थे। ग्राह का वध कर हरि ने भक्त गज की रक्षा की थी। हरि के हाथों ग्राह को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी वहीं गज को नया जीवन मिला था। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां गंगा-गंडक के संगम में स्नान करने पहुंचते हैं।




Recent Comments