परवेज अख़्तर/सिवान।नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर टावर के समीप मंगलवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक किशोरी की मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित लोगों ने सिवान-चैनपुर मु़ख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत करने में जुट गई। हालांकि खबर प्रेषण तक आक्रोशित लोग शव को रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। मृतका की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छाता साईं टोला निवासी अफरोज अली की 17 वर्षीय पुत्री शबनम खातून के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृत शबनम के भाई इमरान ने बताया कि वह अपनी बहन को बाइक से लेकर शहर जा रहा था, तभी शहर के तरफ से आ रही बाइक में टक्कर हो गई। जिसे शबनम बाइक से नीचे गिर गई। इसी दौरान शहर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके से ट्रक को छोड़कर चालक व बाइक वाला फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।