◆ पंचायतों में पहुचा टीकाकरण रथ, सरेया में 20 लोगों को हुआ टीकाकरण

तरैया, सारण। क्षेत्र में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रखंड स्तर पर पूरी प्रशासनिक टीम लगी हुई है, जिसको लेकर कई तरह से लोगों को जागरूक करने का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को रेफरल अस्पताल से पंचायतों के भ्रमण के लिए टीकाकरण रथ को बीडीओ राकेश कुमार, अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ प्रसाद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान बीडीओ श्री कुमार ने कहा कि टीकाकरण रथ के टीम द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों रोस्टर के हिसाब से गांव में जाकर लोगों को जागरूक कर टीका लगाया जाएगा। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी ने बताया कि आज प्रथम दिन सरेया रत्नाकर पंचायत में टीकाकरण रथ पहुंचा। जहां उक्त पंचायत के विभिन्न गांव के 45 वर्ष से अधिक उम्र के 20 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया गया। वही रेफरल अस्पताल तरैया में 7 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया गया। इधर 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के लोगों के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं रहने के कारण 18+ में टिकाकरण नहीं हो पाया। वही रेफरल अस्पताल तरैया, माधोपुर पंचायत एवं तरैया पंचायत में कैंप लगाकर दो सौ लोगों रैपिड एंटीजन कीट से कोविड-19 का जांच किया गया। जिसमें सभी का रिपोर्ट नेगेटिव पाया गया। टीकाकरण रथ रवाना के मौके पर तरैया बीडीओ राकेश कुमार, रेफरल अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ प्रसाद, डॉ अमरजीत सिंह, डॉ एस अंसारी, स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी, समेत दर्जनों स्वास्थ्य कर्मी व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।