टीकाकरण महा अभियान के अंतर्गत 1590 लोगों ने लिया टीका, 81 लोगों का हुआ जांच, सभी निगेटिव

तरैया(सारण)। टीकाकरण महा अभियान के अंतर्गत सोमवार को बृहद पैमाने पर वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। सोमवार को प्रखंड के अधिकतर पंचायतों में एक साथ टीकाकरण प्रारंभ हुआ। इसके लिए पूर्व से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। जानकारी देते हुए रेफरल अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनाथ प्रसाद ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में 15 स्थानों को चिन्हित कर टीकाकरण स्थल बनाया गया था। जिसके अंतर्गत भागवतपुर पंचायत के मध्य विद्यालय फरीदपुरा बाजार टोला, मध्य विद्यालय भागवतपुर, पचारौड़ पंचायत के मध्य विद्यालय रसीदपुर हिंदी, प्राथमिक विद्यालय पचारौड़ नोनिया टोला, पोखरेड़ा पंचायत में प्राथमिक विद्यालय लौवा, बेसिक स्कूल पोखरेड़ा, सरेया रत्नाकर पंचायत में मध्य विद्यालय गवन्द्री, मध्य विद्यालय सरेया रत्नाकर, नारायणपुर पंचायत में पंचायत भवन नारायणपुर, डुमरी पंचायत में पंचायत भवन उसरी, चैनपुर पंचायत में निरीक्षण भवन चैनपुर, माधोपुर में माधोपुर पैक्स गोदाम तथा तरैया पंचायत में प्राथमिक विद्यालय रामकोला में बनाये गए टीकाकरण स्थल पर सोमवार को 1590 लोगों ने टीका लिया। जिसमें 18-44 वर्ष के 1239 तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के 351 लोगों ने टिका लिया। इन सभी स्थानों पर संबंधित क्षेत्र के बीएलओ, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता समेत अन्य लोगों को प्रतिनियुक्त किया गया था। उन्होंने लोगों से आग्रह किया की समाज के प्रबुद्ध लोग टीकाकरण के महा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। खुद भी टीका लें एवं सभी को टीका दिलवाएं।