डीएम और वरीय एसपी ने मशरक सरकारी अस्पताल का किया निरीक्षण

दैनिक खोज खबर/पानापुर/मशरक/छपरा। सारण जिले के मशरक व पानापुर थाना क्षेत्र में बीते दो दिनों में पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में फिर से जहरीली शराब कांड की अंदेशा से हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान पूरब टोला गांव निवासी स्वर्गीय उमेश सिंह के 40 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार सिंह तथा पशुराम महतों के 45 वर्षीय पुत्र रघुवर महतों के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पंकज कुमार सिंह की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक के मुख्य गेट पर ही हो गई, जबकि रघुवर महतों की मौत सदर अस्पताल छपरा में इलाज के दौरान हुई। हालत बिगड़ने पर पूरब टोला गांव निवासी बबन महतो, मिंटू महतों , कुंदन महंतों , राजेश्वर महतो तथा किशुनपुरा गांव निवासी दूधनाथ शर्मा को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया है। बताया जाता है कि रघुवर महंतों पिछले दो दिनों से शराब बेचने के आरोप में पुलिस हिरासत में था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रेफर किए गए लोगों ने बताया कि उन्होंने शराब पी थी। इसके बाद उन्हें धुंधला दिखने और घबराहट की शिकायत होने लगी, जिसके बाद वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी तख्त टोला गांव में संतोष महंतों की मौत हुई थी। हालांकि परिजनों ने बीमारी से मौत की बात कही थी, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मौत भी जहरीली शराब पीने से हुई थी। हालांकि प्रशासन इसकी आधिकारिक तौर अभी तक संदिग्ध परिस्थितियों में ही मौत मान रही हैं। पर घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी शराब के अवैध बिक्री, निर्माण और भंडारण के खिलाफ ताबड़ तोड़ छापेमारी कर रही है।बता दें कुछ वर्ष पूर्व मशरक में बड़ी जहरीली शराब कांड में दर्जनों लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल के मामले में डीएम वैभव श्रीवास्तव, वरीय एसपी विनीत कुमार, एसडीओ मढ़ौरा समेत कई अन्य पदाधिकारी मशरक पहुंचे। उन्होंने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित किया गया।

पानापुर में भी दो लोगों की हो चुकी है संदिग्ध मौत :

थाना क्षेत्र के अलग अलग गावों में दुबौली दक्षिण टोला निवासी जगन्नाथ राय के 42 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र राय की जहरीला पेय पदार्थ पीने से मौत हो गयी. वही जहरीला पेय पदार्थ का सेवन किये लगभग आधे दर्जन लोगों का अन्यत्र इलाज चल रहा है. जहरीला पेय पदार्थ के सेवन से हुई मौत की गुरूवार को सूचना मिलते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि बुधवार की रात  धेनुकी गांव निवासी 50 वर्षीय  सुकन नट की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी पानापुर लाये जहाँ उसकी मौत हो गयी. परिजन आनन फानन में शव को ठिकाने लगा दिए. इस बीच दुबौली गांव निवासी धर्मेंद्र की भी तबीयत बिगड़ने लगी और आंख से कम दिखाई देने लगा. परिजन उन्हें इलाज के लिए पटना ले गए जहां इलाज के दौरान गुरुवार की दोपहर उसकी मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे थाने पहुंच गए. पटना से मृत धर्मेन्द्र का शव जैसे ही पानापुर पहुंचा ग्रामीण आक्रोशित हो गए एवं शव को थाने के मुख्य द्वार पर रख दिया. परिजन एवं ग्रामीण आरोप लगा रहे थे कि थाना क्षेत्र में खुलेआम बिक रहे शराब के कारण धर्मेंद्र की मौत हुई है. वे शव को पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे थे. इस बीच घटना की गंभीरता को देखते हुए तरैया थाने की पुलिस भी पहुंची थे. बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवाया. वही बताया जाता है कि खजुरी, दुबौली एवं धेनुकी गांव के आधे दर्जन लोगों का चोरी छिपे इलाज चल रहा है. गुरूवार को ही डीएम वैभव कुमार श्रीवास्तव, वरीय एसपी विनीत कुमार, एसडीएम मढ़ौरा निधि राज ने पानापुर थाना पहुंच क्षेत्र के संदिग्ध मौत पर जानकारी ली और स्थानीय प्रशासन को एहतियातन जरूरी निर्देश दिए।