जयंती पर विभूतिपुर में भी याद किये गये राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर

##न्यूज़ इनपुट- केशव बाबू
विभूतिपुर
कवि हृदय राष्ट्रकवि, पूर्व राज्यसभा सांसद रामधारी सिंह दिनकर जी की 110 वीं जयंती उनके ससुराल विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र टभका स्थित आदमकद प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर किया गया। तत्पश्चात किशनपुर टभका में कवि हृदय शशिभूषण चौधरी के निजी आवासीय परिसर में एक कवि सम्मेलन आयोजित की गई। जिले की प्रमुख साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था अभिव्यक्ति की और से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार चाँद मुसाफिर ने की। जबकि पूर्व प्रधानाध्यापक और कवि श्री उपेन्द्र नारायण चौधरी मधुप, बेगूसराय के चर्चित मैथली कवि, हितलाल पाठक, राष्ट्र कवि के रिश्तेदार और सरपंच शम्भू शरण ठाकुर, गोविंद राकेश, एवं विजय व्रत कंठ, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन पराशर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्धघाटन किया। कवि संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में साहित्यकार चाँद मुसाफिर ने रामधारी सिंह दिनकर के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए, उनके पद चिन्हों पर चलने की बात कही।साथ ही केशव बाबू ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर युग चेतना के प्रखर कवि थे।उन्होंने अपनी कविताओं को लोक-संस्कृति,राष्ट्रीय स्वाभिमान और मानवीय संवेदनाओं से जोड़कर समाज को एक नूतन दिशा दी।साथ ही वे एक प्रगतिवादी और मानववादी कवि थे।उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से ऐतिहासिक घटनाओं और पात्रों को ओजस्वी और प्रखर शब्दों का ताना-बाना दिया था।उनकी रचनाओं की प्रासंगिकता आज ही सबसे अधिक है। हास्य एवं व्यंग्य के कवि सीताराम शेरपुरी के संचालन में सर्व श्री प्रो शशिभूषण चौधरी, गोविंद राकेश, हितलाल पाठक, श्री मधुप जी, आचार्य लक्ष्मी दास, विजय व्रत कंठ, चांद मुसाफिर आदि ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रकवि दिनकर को श्रद्धांजलि दी। ज्ञातव्य हो कि राष्ट्रकवि दिनकर जी का ससुराल इसी टभका में है, और यहां विगत 15 वर्षों से इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन गौरव कुमार झा,केशव बाबू, प्रधानाध्यापक प्रियरंजन ठाकुर, अभिषेक पराशर, भोला चौधरी, रमेश कुमार चौधरी, सोनू कुमार सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।




Recent Comments