छापेमारी : एटीएम से जालसाजी कर रूपये की निकासी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

मांझी(सारण)। स्थानीय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ताजपुर स्टेट बैंक के पीछे एटीएम से जालसाजी कर रूपये की निकासी करने वाले गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके पास से 6 मोबाइल फोन व दो एटीएम कार्ड बरामद किया है। वहीं पुलिस ने उनकी एक ऑल्टो कार भी जप्त कर ली है जिससे वे जालसाजी करने के लिए बाहर निकलते थे। गिरफ्तार लोगों में रिविलगंज थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव निवासी राज तिवारी, अमृत मिश्रा, जितेंन्द्र मिश्रा व विजय राय के टोला निवासी पवन कुमार सिंह एवं सीवान जिले के मैरवां थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी गंगा सागर सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह शामिल हैं। छापेमारी दल का नेतृत्व करने वाले सहायक अवर निरीक्षक गयूर अली असद ने बताया कि सूत्रों से गुप्त जानकारी मिली कि ताजपुर स्थित स्टेट बैंक के पीछे कुछ अपराधी जालसाजी की योजना बना रहे हैं। उसके बाद अपने वरीय पदाधिकारी को जानकारी देकर छापेमारी करने के लिए सहायक अवर निरीक्षक शिव शंकर दुबे, सशस्त्र बल के जवान सोनू कुमार सिंह, राज कुमार चौधरी, मुन्ना कुमार, वसीम अहमद के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही अपराधियों की नजर पुलिस पर पड़ी वे घबड़ा कर भागने लगे। लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया। जब उनकी तलाशी ली गई तो एक एसबीआई का एक ग्रीन एटीएम व एक केनरा बैंक का एक एटीएम कार्ड, चार स्कीन टच व दो साधारण मोबाइल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर गिरफ्तार लोगों ने बताया कि एक ऑल्टो कार जिससे आकर वे पैसा निकालते हैं वह कुछ दूरी पर खड़ी है। जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। वे ताजपुर स्थित एटीएम मशीन से पहले भी कई बार जालसाजी कर रूपये की ठगी कर चुके हैं। थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि सअनि. गयूर अली असद के लिखित आवेदन पर आईपीसी की धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों को जेल भेज दिया गया।