छपरा-सिवान रेलखंड पर दाउदपुर रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जीआरपी के द्वारा गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक की पहचान सुपौल जिला निवासी 19 वर्षीय मंटू कुमार साह के रूप में की गई है। पुलिस ने शुक्रवार की सुबह छपरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में छपरा जंक्शन जीआरपी प्रभारी सुमन प्रसाद सिंह ने बताया कि मंटू अपने मामा एवं परिवार के अन्य लोगों के साथ कमाने के लिए दिल्ली जा रहा था। इसी बीच ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होने के कारण दाउदपुर रेलवे स्टेशन से पश्चिम आउटर के समीप अप वैशाली सुपर फास्ट ट्रेन से गिर गया। जिसके बाद उसके परिजन उसे खोजबिन करते हुए सीवान पहुंचे थे। इस दौरान उनके द्वारा सिवान जंक्शन पर इस बात की सूचना आरपीएफ को दी गई तो उनके द्वारा छानबीन के बाद बतलाया गया कि दाउदपुर रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक गिरा है। इस दौरान परिजन छपरा पहुंचे तब-तक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जब परिजन आकर शव को देखे तो रोना पीटना शुरु हो गया। वहीं जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।