प्रशासन ने नामकरण बोर्ड को उखाड़ फेंका , दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के सतजोड़ा बाजार स्थित एक चौराहे के नामकरण को लेकर शनिवार को दो पक्ष आमने सामने आ गये।हालांकि तनाव के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया एवं दोनो पक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर पकड़ी नरोत्तम गांव के अलावे अन्य गांव के कुछ युवाओं ने उस चौराहे पर महाराणा प्रताप चौक का  साइन बोर्ड लगा दिया एवं जमकर अबीर गुलाल उड़ाये ।यह बात दूसरे पक्ष के लोगो को नागवार गुजरा और शाम होते होते दूसरे पक्ष के लोगो ने भी उस चौराहे के दूसरी तरफ  कृष्णा चौक का साइन बोर्ड लगा दिया।इस घटना के बाद चौराहे के नामकरण को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त हो गया ।तनाव की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया ।शनिवार की देर शाम बीडीओ मो .सज्जाद एवं थानाध्यक्ष के डी यादव भारी पुलिस बल के साथ सतजोड़ा बाजार पहुँचे  इससे पहले ही दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो गए ।स्थानीय प्रशासन ने चौराहें पर लगाये गए दोनो पक्षों के नामकरण बोर्ड को उखाड़ फेंका एवं दुकानों पर लिखे गए अन्य नामकरण को भी मिटा दिया। बाद में बीडीओ मो.सज्जाद ने  दोनों पक्ष के लोगो को बुलाकर शख्त चेतावनी दी कि चौराहे पर 20 अगस्त से पूर्व की स्थिति बहाल रखें ।अगर किसी भी पक्ष द्वारा इसका उल्लंघन किया जाता है तो उनके खिलाफ सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।