
गिराेह में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी को ले छापेमारी जारी
परवेज अख्तर/सीवान। पुलिस की सक्रियता से सिवान में बड़ी अपराध की घटना को अंजाम देने की बदमाशों की योजना विफल हो गई। पुलिस टीम ने चंपारण और वैशाली से सिवान पहुंचे चार बदमाशों को मैरवा थाना क्षेत्र के तितरा में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े कई और बदमाशों के नाम पुलिस के सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से कई अग्नेयास्त्र, गोली, मोबाइल, बाइक पुलिस ने बरामद की है। इसकी जानकारी देते हुए मैरवा एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ के बाद उनसे जुड़े अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सिवान पुलिस द्वारा सक्रिय पुलिसिंग के तहत आपराधिक घटना विफल करते हुए अपराध की योजना बना रहे चार बदमाशों को अवैध हथियार के साथ मंगलवार को तितरा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में वैशाली के नगर थाना क्षेत्र के हाजीपुर के प्रफुल्ल कुमार और गोरौल थाना के माजिराबाद का आशुतोष कुमार, पूर्वी चंपारण के कुंडवा चैनपुर थाना के हसनपुर निवासी आकाश कुमार उर्फ राकी और कुंडवा चैनपुर का आर्यन कुमार उर्फ अंश राज शामिल है। इसके पास से अवैध चार पिस्तौल, एक कट्टा, 37 गोली, तीन बाइक और सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार बदमाशों के विरुद्ध मैरवा थाना में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी कर उनके आपराधिक इतिहास को खंगालने और आगे की अनुसंधान की कार्रवाई शुरू की गई है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 मैरवा चंदन कुमार, मैरवा पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार झा, मैरवा थानाध्यक्ष भरत साह और मैरवा थाना के पुअनि चुनचुन दास, पीटीसी सुरेश यादव तथा जिला सूचना इकाई सिवान और मैरवा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।ज्ञात हो कि चंपारण और वैशाली जिला से पहुंचे चार बदमाशों मैरवा थानाक्षेत्र के तितरा बाजार में एक मकान के एक कमरे में एकत्रित थे और आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इन बदमाशों के टार्गेट पर कौन था, पुलिस ने इसे बताने से गुरेज किया। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर मिली जानकारी की तह में पहुंचने की कोशिश कर रही है।




Recent Comments