गोली से घायल मढ़ौरा अनुमंडल के कार्यपालक सहायक के बयान पर हुआ प्राथमिकी दर्ज
नगरा(सारण) : प्रखंड के खैरा थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव के पास मढ़ौरा छपरा मुख्य पथ पर बुधवार संध्या हुई गोलीकांड के तहत घायल व्यक्ति के बयान पर खैरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है ।प्राप्त सूचना अनुसार बुधवार की संध्या मढ़ौरा अनुमंडल में कार्य करने वाले एक कर्मचारी निर्भय कुमार सिंह को अपराधियों ने फुटानी मोड़ के पास गोली मारकर घायल कर दिया था । उक्त व्यक्ति निर्भय कुमार सिंह मढ़ौरा अनुमंडल में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्य करते हैं। घायल होने के बाद आसपास के ग्रामीणों एवं उनके सहकर्मियों ने सदर अस्पताल छपरा में उन्हें भर्ती कराया तथा वहां से बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया । घायल के साथ खैरा थाना में कार्यरत एएसआई मिथिलेश कुमार भी हुए थे। श्री कुमार को घायल व्यक्ति ने लिखित रूप से आवेदन दिया कि मैं निर्भय कुमार सिंह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लव कुश पुर ग्राम निवासी हूं । मैं अपने कार्यालय मढ़ौरा से काम करके अपने घर लौट रहा था तभी अज्ञात अपराधियों ने रामपुर कला के पास पिस्टल से मेरे कमर के ऊपर गोली मार दिया जिससे मैं वहीं गिर गया। गोली की आवाज सुनते ही अगल बगल के लोग इकट्ठा हो गए एवं पीछे से आ रहे हमारे सहकर्मियों ने मुझे सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया । घायल व्यक्ति के बयान पर खैरा थाना कांड संख्या 23 / 19 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है ।इस बाबत पूछे जाने पर खैरा थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा जांच किया जा रहा है।