मढौरा(सारण)। सारण जिला सहकारी समिति संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने पैक्स एवं व्यापार मंडल के पीडीएस दुकानों को खाद्यान्न आवंटन में भेदभाव बरतने को लेकर जिलाधिकारी को आवेदन दिया है।
      जिलाधिकारी को दिये गये आवेदन पत्र में कहा गया है कि कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारा गरीबों को म‌ई एवं जून माह में नि: शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। जिसके तहत आवंटन भी उपलब्ध कराये गये हैं। जिला के सोनपुर और मढौरा अनुमंडल के पीडीएस दुकानों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के समतुल्य प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना के अंतर्गत खाद्यान्न का आवंटन दिया गया है जबकि पैक्स एवं व्यापार मंडल के पीडीएस दुकानों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के समतुल्य प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना के तहत आवंटन काफी कम दिया गया है। जबकि दोनों ही योजनाओं को मिलाकर दस किलो खाद्यान्न प्रति यूनिट नि: शुल्क उपलब्ध कराना है। आवंटन में कमी की वजह प्रति यूनिट बराबर वितरण में परेशानी होने और वितरण स्थल पर उपभोक्ताओं द्वारा हंगामा होने की आंशका बनी है। इसलिए अविलंब बराबर आवंटन उपलब्ध कराई जाय। आवेदन की प्रति जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भी दी गई है।