जेई ने दर्ज कराई प्राथमिकी, 445 किलो तार बरामद


पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के मोरिया गांव स्थित चिमनी के पूरब कृषि फीडर से बिजली का तार चोरी करते ग्रामीणों ने दो युवकों को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान उनके अन्य सहयोगी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक पिकअप भी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने शुक्रवार की रात कृषि फीडर के करीब 15 बिजली के खंभों का तार काटकर चंवर में छिपा दिया था। इस मामले में विद्युत कंपनी के जेई भोला ठाकुर ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शनिवार की रात चोर खेत में छिपाकर रखे गए तार को पिकअप पर लादने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को पिकअप सहित पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
        गिरफ्तार युवकों की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के डुमरसन बंगरा गांव निवासी लालदेव राय के 19 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार और रामेश्वर राय के 22 वर्षीय पुत्र बबन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बबन कुमार बिजली का तार चोरी करने के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद रविवार की अहले सुबह उनके अन्य सहयोगियों द्वारा चोरी का तार घटनास्थल पर फेंके जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तार जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, कुल नौ बंडल तार बरामद किए गए हैं, जिनका वजन लगभग 445 किलोग्राम है।
      कृषि फीडर का काम पूरा होने से पहले ही चोरी हुआ तार
ग्रामीणों ने बताया कि मोंटो कार्ली कंपनी की ओर से कृषि फीडर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अभी तक फीडर पर ट्रांसफार्मर भी नहीं लगाया गया है, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने बिजली का तार चोरी कर लिया। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि कृषि फीडर का तार चोरी होने से किसानों को खेती के लिए बिजली मिलने में परेशानी हो सकती है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि विद्युत कंपनी के जेई के आवेदन पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।