सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आनंद पुष्कर के समर्थन में एकजुट हुआ एनडीए, प्रथम वरीयता के मत की अपील

• भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा।
• बैठक में अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू, सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी और पूर्व विधायक डॉ सीएन गुप्ता उपस्थित रहे।
• विधानसभा सचेतक व तरैया विधायक जनक सिंह, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा एवं विधान पार्षद प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव व बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष अजय सिंह भी रहे उपस्थित।
• शिक्षकों के हितों, वेतनमान संबंधी मांगों और सरकार के विकास कार्यों पर चर्चा।
• चुनाव में समन्वय के साथ जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर।
सारण। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी इंजीनियर आनंद पुष्कर के समर्थन में शनिवार को अमनौर में एनडीए की बैठक आयोजित हुई। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में शिक्षक मतदाताओं से आनंद पुष्कर के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की गई। मालूम हो कि एनडीए प्रत्याशी इंजीनियर आनंद पुष्कर के पिता स्व॰ केदार पांडे भी लगातार 4 बार विधान परिषद सदस्य रहे हैं।
बैठक में प्रत्याशी इंजीनियर आनंद पुष्कर, नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष अजय सिंह, विधानसभा सचेतक व तरैया विधायक जनक सिंह, सोनपुर के विधायक विनय सिंह, अमनौर विधायक मंटु सिंह और छपरा विधायक छोटी कुमारी तथा छपरा के पूर्व विधायक डॉ सीएन गुप्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही, अरवल से जदयू विधायक व सारण निर्वाचन के चुनाव को-ऑर्डिनेटर पप्पू वर्मा और सारण जिला भाजपा (पूर्वी) के जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह भी इस बैठक में शामिल रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों की एकजुटता और बेहतर समन्वय चुनाव में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं के बीच जनसंपर्क तेज करने तथा केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। सांसद रूडी ने शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों के वेतनमान और राज्य के शिक्षकों की सातवें वेतनमान से संबंधित मांगों जैसे विषयों पर गंभीरता से पहल आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आनंद पुष्कर के सदन में पहुंचने से शिक्षक समुदाय की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से प्रथम वरीयता का मत देकर आनंद पुष्कर को विजयी बनाने की अपील की।
बैठक में उपस्थित एनडीए नेताओं ने भी प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज करने, शिक्षक मतदाताओं से संवाद स्थापित करने और आपसी समन्वय के साथ चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।






Recent Comments