26 नवंबर 2022 को ‘‘नशा मुक्ति दिवस‘‘ पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम का होगा आयोजन

सारण समाहरणालय सभागार में मुख्यमंत्री के अभिभाषण का होगा सीधा प्रसारण

अभिभाषण का सुनने हेतु प्रबुद्धजनों के साथ आमजनों को भी किया जाएगा निमंत्रित

जीविका दीदीयों के द्वारा आयोजित किया जाएगा नशा मुक्ति से संबंधित जागरुकता

विद्यालयों में वाद-विवाद, चित्रकला, निबंध लेखन प्रतियोगिता का होगा आयोजन

Ph

छपरा। जिला पदाधिकारी सारण राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि बिहार सरकार से प्राप्त निर्देशानुसार दिनांक 26 नवंबर 2022 को ‘‘नशा मुक्ति दिवस‘‘ मनाया जाना है। इस अवसर पर सभी प्रकार के नशीले पदार्थो की बुराईयों का प्रचार-प्रसार कर लोगों में नशीले पदार्थो का परित्याग करने की चेतना जागृत करने हेतु विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाएगें। राज्य स्तर पर भी नशामुक्ति दिवस का आयोजन गाँधी मैदान स्थित ज्ञान भवन, पटना में किया जाएगा।
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला स्तर पर नशामुक्ति दिवस के आयोजन हेतु संबंधित पदाधिकारियों का आदेशित कर दिया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अभिभाषण का सीधा प्रसारण समाहरणालय सभागार में होगा। मुख्यमंत्री का अभिभाषण सुनने एवं उससे लाभ उठाने हेतु जिले के प्रबुद्धजनों के साथ-साथ अधिकाधिक संख्या में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में जीविका दीदियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण को निर्देशित किया गया है कि 26 नवंबर 2022 को ‘‘नशा मुक्ति दिवस‘‘ के संबंध में प्रभात फेरी निकलवायेंगे जिसमें पोस्टर, बैनर के माध्यम से नशीले पदार्थ और जहरीली शराब के दुष्परिणाम को प्रदर्शित किया जाएगा। जीविका, आशा कार्यकर्त्ता और कला जत्था के माध्यम से नशीले पदार्थ और जहरीली शराब या ताड़ी से हुई मौत के पूर्व की उदाहरण की जानकारी के साथ-साथ उनके सेवन के अन्य दुष्परिणामों का सम्पूर्ण जिला में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला प्रबंधक जीविका सारण, सिविल सर्जन सारण एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण को निदेशित किया जाता है कि उक्त कार्यक्रम करवाना सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर जिले के उच्च विद्यालयों में निबंध, लेखन, चित्रकला, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को नेशनल बुक ट्रस्ट का स्वतंत्रता संग्राम, महापुरूषों की जीवनी से संबंधित ज्ञानवर्द्धक पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण को आदेश किया गया है कि जिले के उच्च विद्यालयों में कार्यक्रम करवाना सुनिश्चित करेंगे। अधीक्षक मद्यनिषेध, सारण को आदेश किया गया है कि वे सभी पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उपर्युक्त सभी व्यवस्थाओं को ससमय और सम्यक रूप से पूर्ण सुनिश्चित करेंगे।