स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत वर्षों से जमा कचरे की हुई सफाई, दुकानदारों से डस्टबिन के इस्तेमाल की अपील

बनियापुर(सारण)। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को बनियापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार के मुख्य पुल के दोनों ओर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-331 (एनएच-331) पर स्थित पुल के दोनों किनारों पर वर्षों से जमा कचरे को हटाकर साफ-सफाई की गई। इससे पैदल यात्रियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिली और पुल के किनारे पैदल चलने योग्य बनाए गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर स्वच्छता पर्यवेक्षकों और सफाई कर्मियों ने सामूहिक रूप से अभियान चलाकर पुल के दोनों ओर जमा गंदगी को हटाया। लंबे समय से कचरा जमा रहने के कारण पैदल यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सफाई अभियान पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने राहत महसूस की।

इस अवसर पर बीडीओ रविन्द्र कुमार ने लोगों से दुर्गापूजा के दौरान हरित, सुंदर और स्वच्छ पूजा पंडाल बनाने की अपील की। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वहीं, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के प्रखंड समन्वयक धीरज कुमार ने बाजार के दुकानदारों से कचरा संग्रहण के लिए डस्टबिन का उपयोग करने और पुल पर इधर-उधर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए छोटे दुकानदारों से 60 रुपये और बड़े दुकानदारों से 100 रुपये उपयोगिता शुल्क देकर सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

अभियान में स्वच्छता पर्यवेक्षक मिंटू कुमार (सरेया), मो. अलाउद्दीन (बनियापुर), लाल बिहारी साह (सतुआ), मो. इंतजार अहमद (कराह) सहित अन्य सफाई कर्मी, ग्रामीण, वार्ड सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।