मांझी। दाउदपुर थाना क्षेत्र के बेलदारी गांव स्थित घोडाही माई मन्दिर परिसर में मंगलवार से शुरू होने वाले अखंड अष्टयाम के उद्देश्य से निकाली गई कलश यात्रा में शामिल एक किशोर की माँझी रामघाट पर नहाने के दौरान
डूबने से मौत हो गई। किशोर के डूबने की सूचना के बाद कलश यात्रियों में चीख पुकार मच गई तथा सभी कलश यात्री अपना कलश नदी में विसर्जित कर बगैर जल लिए ही रोते विलखते वापस चले गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ धनञ्जय कुमार के निर्देश पर स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों द्वारा शव ढूंढने का पुरजोर प्रयास किया गया। हालाँकि समाचार लिखे जाने तक शव की बरामदगी नही हो सकी थी। मालूम हो कि कई वाहनों पर सवार होकर सैकड़ों की संख्या में गाजे बाजे के साथ नाचते गाते महिला व पुरुषों की टोली जलभरी के लिए मांझी रामघाट पहुंची थी। इसी बीच बेलदारी निवासी राजेश यादव का पुत्र मोहित कुमार यादव 16 वर्ष नदी में नहाने के लिए छलांग लगा दिया। उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था और गहरे पानी में बहकर चला गया तथा देखते देखते ही डूब गया। डूबने की सूचना मिलते ही कलश यात्रियों में जल भरी की खुशी गम में बदल गई।