इसुआपुरसारण)। इसुआपुर थाना के थानाध्यक्ष संजय राम पर विगत 7 अप्रैल को जानलेवा हमला करने वालों में नामजद एक अभियुक्त बब्लू नट को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे स्थानीय थाना क्षेत्र के आता नगर टोले बेला गांव से गिरफ्तार कर लिया। जहां वह अपने संबंधी के घर में छिपा था। मालूम हो कि पिछले 7 अप्रैल को स्थानीय थाना क्षेत्र के उसुरी कला नट टोली में शराब के धंधे में लिप्त अभियुक्तों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी करने पहुंची पुलिसकर्मियों पर शराब के धंधेबाजों ने जानलेवा हमला किया था। जिसमें थाना के एसएचओ संजय राम बुरी तरह जख्मी हो गए थे तथा अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए थे। वहीं नट बस्ती के दो दर्जन से अधिक महिला पुरुष सदस्यों ने पुलिस बल पर हमला कर बस्ती से गिरफ्तार किए गए एक अभियुक्त को बलपूर्वक पुलिस कस्टडी सेे छुड़ा लिया था। इस संबंध में गंभीर रूप से जख्मी थानाध्यक्ष संजय राम ने इसुआपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।