दो मिनट का मौन रखकर दी गयी श्रद्धांजलि, विद्यालय परिवार ने असमय निधन को बताया अपूरणीय क्षति

एकमा। प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय, बेनौत में कार्यरत रसोईया चंद्रभूषण सिंह के असामयिक निधन पर सोमवार को विद्यालय परिसर में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक व्यास सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रसोईया चंद्रभूषण सिंह कर्तव्यनिष्ठ, सरल व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। विद्यालय में वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते थे। उनका असामयिक निधन विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

श्रद्धांजलि सभा में शामिल सभी लोगों ने दिवंगत रसोईया के व्यक्तित्व और सेवाओं को याद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर शिक्षिका अरुणा देवी, मोहम्मद सिराजुल, बिंदु देवी, सुसुम यादव, मधु कुमारी, ज्ञानेश्वर तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक, रसोईया एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

//

आठ साल से फरार लूटकांड का आरोपित एकमा पुलिस के हत्थे चढ़ा

2018 के चर्चित लूटकांड में था नामजद, विशेष अभियान के तहत घर से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

एकमा। वर्ष 2018 के चर्चित लूटकांड में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपित को एकमा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सारण पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एकमा थाना कांड संख्या 31/18, दिनांक 25 फरवरी 2018 के नामजद आरोपित पिर मोहम्मद को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित भगवानबाजार थाना क्षेत्र के कुतुब कॉलोनी निवासी मोहम्मद मुसर्रत का पुत्र है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस अभिलेख के अनुसार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध भगवानबाजार थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट सहित अन्य संगीन धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

—

एकमा पुलिस ने फरार वारंटी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

परसा गढ़ बाजार में छापेमारी कर दबोचा, न्यायालय के वारंट पर चल रही थी तलाश

एकमा। एकमा थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के परसागढ़ बाजार निवासी दिलीप प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। वह काफी दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध न्यायालय से वारंट निर्गत था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की और बिना किसी प्रतिरोध के उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे थाना लाकर आवश्यक पूछताछ की गई।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार वारंटियों एवं वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद फरार रहने वाले किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।