छपरा (सारण)। दाउदपुर बाजार पर बाइक सवार चार अपराधियों ने दिन दहाड़े एक साइबर कैफे में घुस कर हथियार के बल पर की लूट पाट कर फरार हो गए। घटना सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे के आस-पास की बताई जाती है। पीड़ित ने इसकी सूचना दाउदपुर थाना पुलिस को दिया। सूचना मिलते हीं घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की व अगल-बगल में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगालने में जुट गई। वही पीड़ित संचालक से भी घटना की जानकारी ली। संचालक द्वारा बताया कि दाउदपुर के सिनेमा रोड में अपनें मकान में साइबर कैफे सह स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं। जहाँ आम लोगों को पैसा का लेन- देन भी करते है। वह प्रति दिन दुमदुमा गांव से आकर सुबह साढ़े आठ बजे दुकान खोलते थे। इसी तरह आज भी दुकान खोल कर काउंटर पर बैग रखे हीं थे कि एक अपाची बाइक पर चार अपराधी पहुंचे। जिनमें से दो अपराधी दुकान के अंदर घुस गए जबकि एक गली में चौथा सड़क पर बाइक के साथ खड़ा था। जब तक हम कुछ समझ पाते तबतक दुकान के अंदर घुसे दो अपराधियों में से एक ने कनपट्टी पर कट्टा सटा दिया और काउंटर पर रखे बैग व मोबाइल लेकर बाइक पर खड़े अपराधी के पास फेंक दिया। फिर चारो अपराधी एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।