एसबीआई में ताला तोड़ चोरी का प्रयास
परवेज़ अख्तर/सिवान :
नगर थाना क्षेत्र के कृष्णा सिनेमा कैंपस के दूसरे मंजिल स्थित स्टेट
बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच में चोरों ने रविवार की देर रात चोरी का प्रयास
किया। हालांकि बैंक में चोरी की घटना को अंजाम देने में चोरों को सफलता
हासिल नहीं हुई। सोमवार की सुबह ब्रांच पहुंचे अधिकारियों ने जब बैंक के
मुख्य गेट का ताला व शटर टूटा हुआ देखा तो वे भौचक हो गए। आनन फानन में
उन्होंने वरीय अधिकारियों को सूचित करते हुए नगर थाना को इसकी सूचना दी।
सूचना पर नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ पहुंचे और जांच की।
जांच के क्रम में बैंक का शटर उठाया गया और अंदर प्रवेश कर जांच की गई तो
देखा गया कि शटर के बाद दूसरे दरवाजा को चोर तोड़ नहीं पाए, इस कारण चोरी
की घटना नहीं हुई। नगर थाना इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित ने बताया कि
एसबीआई स्टेशन रोड ब्रांच के शटर का ताला अज्ञात चोरों द्वारा काट दिया
गया था, लेकिन दूसरे दरवाजा को चोर तोड़ नहीं पाए इस कारण चोरी नहीं हुई
है। जांच की जा रही है, रात्रि गश्त में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया
है।
————————————
रघुनाथपुर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
परवेज़ अख्तर/सिवान
एसपी नवीन चंद्र झा ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर रघुनाथपुर
थानाध्यक्ष को सोमवार को लाइन हाजिर कर दिया। थानाध्यक्ष को अनुशासनहीनता
अधिनियम व केस डायरी व पोस्टमार्टम रिपोर्ट को समय से कोर्ट में नहीं
भेजने पर कार्रवाही की गई है। एसपी नवीन चंद्र झा ने बताया कि कोर्ट को
डायरी व पोस्टमार्टम रिपोर्ट इनके द्वारा समय से प्रस्तुत नहीं किया गया।
वहीं दूसरी ओर पिछले 15 दिनों से जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं
को लेकर एसपी ने कई पुलिस पदाधिकारियों को फटकार भी लगाई है।
——————
बिरयानी हाउस से पांच पीस शराब सहित एक गिरफ्तार
परवेज़ अख्तर/सिवान
नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक बिरयानी हाउस में पुलिस ने
छापेमारी कर पांच पीस शराब के साथ दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में नगर थाना इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित ने बताया कि गुप्ता सूचना
मिली कि स्टेशन रोड स्थित बिरयानी
हाउस में बिरयानी के साथ शराब की भी बिक्री होती है। सूचना के आधार पर
छापेमारी की गई और होटल के फ्रीज की तलाशी ली गई तो फ्रीज के नीचे से
अंग्रेजी शराब के पांच बोतल को बरामद किया गया। पुलिस ने शराब जप्त करते
हुए बिरयानी हाउस के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पुरानी किला
पोखरा निवासी छोटेलाल है।




Recent Comments