तरैया, सारण। प्रखंड के डुमरी पंचायत के डुमरी गांव में एक करोड़ सात लाख रुपए की लागत से पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य बुधवार को प्रारंभ हुआ। इस कार्य का शुभारंभ तरैया बीडीओ राकेश कुमार ने विधिवत किया। बीडीओ श्री कुमार ने बताया कि तरैया प्रखंड के डुमरी पंचायत में ग्राम पंचायत क्लस्टर संख्या 27 में पंचायत सरकार भवन बनाने की स्वीकृति मिली है और इस मद में राशि भी आवंटित की गई है। जिसका आज विधिवत शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलित राशि एक करोड़ छह लाख 91 हजार 506 रुपए की स्वीकृति मिली है और इस मद में ₹5,34,600 रुपये का आवंटन की प्राप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि इस पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो जाने से आधा दर्जन पंचायत के लोगों को लाभ मिलेगा। प्रखंड कार्यालय का अधिकतर काम पंचायत सरकार भवन में सम्पन्न होगा। मुखिया प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह बिक्कू ने बताया कि पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण पंचायत वासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगे बताया कि इसके अलावे उसूरी बाजार पर पुराने पंचायत भवन के पास एक सौ दुकान बनाने की स्वीकृति मिल गई है। पंचायत के लोगों को सरकारी दर पर किराए पर दुकान उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर बीडीओ राकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह बिक्कू, सोनपुर विभागीय अभियंता बिट्टू शरण गुप्ता, प्रखंड के कनीय अभियंता आलोक कुमार सिंह, पंचायत सचिव उमाशंकर गिरी, भूतनाथ सिंह, नंद किशोर सिंह, सच्चिदानंद सिंह, अनिल सिंह, महंथ दास, नवल साह, जनक दास, विनोद राम, भगीरथ दास, मुकेश सिंह बिक्कू समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।