एकमा की बिजली : हरि अनंत हरि कथा अनंता के जैसी
पिछले 11 घण्टे से एकमा में ठप है बिजली आपूर्ति, भीषण गर्मी से परेशान हैं लोग
एकमा जेई नही उठाते फ़ोन, मुख्यालय से भी रहते है गायब
विनीत कुमार, एकमा
कल्पना कीजिये कि दिन में पारा 42 डिग्री के पार हो, रात के करीब 11:30 बजे भारत की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में करारी हार के बाद आप किसी तरह इस गम को भूल कर सोने की तैयारी कर रहे हों, और तभी बिजली चली जाय। बस आप कल्पना कीजिये, पत्ते डोल नही रहे, हवा चल नही रही, बिजली है नही और आपको सोने की बेचैनी है। भला नींद आये भी तो कैसे। फिर भी आप बिजली आने के इंतज़ार में एक घंटे बिताते हैं, बिजली फिर भी नही आती। एक घंटे और पसीना बहाते बिताये बिजली फिर भी नही आई। बिजली क्यों नही आई जानने के लिए एकमा पावर सब स्टेशन के लाइन मैन को फोन लगाया तो फोन नही लग रहा। एकमा जेई अपना नम्बर बन्द कर सोये हैं। वो भी तब जब ये विभागीय निर्देश है कि सरकारी नंबर किसी भी सूरतेहाल में बंद नही होना चाहिए।
अद्भुत है एकमा ग्रिड की कहानी

एकमा पावर सब स्टेशन की कहानी बेहद अद्भुत है। बिल्कुल हरि अनंत हरि कथा अनंता जैसी। एकमा में जब ग्रिड शुरू हुआ तो लोगो को ये विश्वास था कि अब एकमा को बेहतर बिजली मिलेगी पर करीब सात वर्ष बीतने के बाद भी ऐसा हो नही पाया। ग्रिड बैठने के बाद एकमा की बिजली बट गयी और एकमा को ही बिजली कम मिलने लगी। जबकि एकमा नगर पंचायत के लोग बिजली बिल भी बाक़ियों से अधिक देते हैं। फिर भी इन्हें बिजली भगवान भरोसे ही मिलती है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसका न तो कोई समय है और ना ही कोई सिस्टम।
एकमा जेई नही उठाते फ़ोन, रहते हैं गायब
—-
एकमा पावर सब स्टेशन की मुख्य समस्या एकमा के जेई गौतम कुमार हैं। साहब से मिलना भगवान के दर्शन करने के समान है। और जेई साहब से बात करने से तो आसान है देश के प्रधानमंत्री से बात कर लेना। ये कहना है हँसराजपुर ग्राम निवासी  संजय कुमार का। इसी गांव के छोटू कहते हैं कि हमने कम से कम 50 बार तो जेई को जरूर कॉल किया होगा। पर क्या बात की साहेब फोन उठा ले। 
स्थानीय लोग आक्रोशित हैं कि आखिर ऐसे लापरवाह अधिकारियों पर कार्यवाई क्यो नही होती। ऐसे अधिकारियों पर कार्यवाई नही होने से इनका मनोबल बढ़ता जाता है। सूत्र बताते हैं कि जेई गौतम कुमार छपरा से ही अपनी ड्यूटी बजाते हैं, जबकि नियमतः जेई को एकमा में डेरा लेकर रहना है। मगर यहाँ तो नियम कानून ताक पर रख दिया गया है। ब्लॉक रोड के व्यवसायी अशोक बरनवाल कहते है कि बीती रात 11:30 बजे से बिजली गायब है, कई बार जेई को और एकमा पॉवर सब स्टेशन के नम्बर पर कॉल किया मगर कोई फोन ही नही उठाता। कम से कम कोई ये तो बताये की आखिर बिजली क्यो कटी है और कब तक आएगी ये जानकारी भी देने वाला कोई नही है।
एकमा नगर पंचायत का अलग नही है फीडर
—–
एकमा के लोगो की व्यथा ये है कि उनकी कोई सुननेवाला भी नही है अब वो शिकायत करें भी तो किससे। एकमा में पावर सब स्टेशन बैठने के बाद ही एकमा नगर पंचायत का फीडर अलग करने की बात हुई थी। एकमा नगर पंचायत को अस्तित्व में आये करीब 6 वर्ष हुवे मगर अब तक एकमा नगर पंचायत का फीडर अलग नही हो पाया है जिस कारण बिजली व्यवस्था अक्सर बाधित रहती है।
ब्रेकर था खराब जिस कारण बाधित थी बिजली

सोमवार की सुबह जब हम एकमा पावर सब स्टेशन पहुँचे तो ड्यूटी पर कोई लाइनमैन नही मिला। थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति दौड़ता हुआ आया और बिना पूछे ही बताने लगा कि ब्रेकर खराब है लाइन 12 बजे तक चालू होगा। हमने उसे रोका, अपना परिचय दिया तो उसने समस्या विस्तार से बताया। उसने कहा कि कई दिनों से साहब को कहा जा रहा था कि ब्रेकर मंगवाईये पर साहब सुन नही रहे थे। बीती रात ब्रेकर बैठ गया तब से लाइन कट गई है। बलिया व छपरा से मिस्त्री लोग आएंगे, ब्रेकर लगाएंगे तो लाइन चालू होगा। एकमा जेई के बारे में पूछने पर उस व्यक्ति ने बताया कि साहब कब आएंगे ये हम नही बता सकते। जब हमने साहब का डेरा का पता पूछा तो उसने कहा कि साहब छपरा से ही आते हैं यहाँ डेरा नही रखे हैं।
बोले स्थानीय लोग :
—-
यदि ऐसी ही बिजली देनी है तो नीतीश कुमार अपनी बिजली ले लें, हमे नही चाहिए।
सूर्यनाथ सिंह, हँसराजपुर
यदि अगले पांच दिनों के भीतर एकमा की विद्युत व्यवस्था नही सुधरी तो ग्रिड में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
रौशन कुमार सिंह, हरपुर
बीती रात ब्रेकर में खराबी होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित थी। छपरा से इसे ठीक करने के लिये टीम आ रही है। ठीक होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
गौतम कुमार, एकमा जेई
बोली मुख्य पार्षद
—-
एकमा नगर पंचायत का फीडर अलग करने के लिए कई बार पत्राचार किया गया है। रेलवे ट्रैक के ऊपर हाई टेंशन तार गुजरने के लिए रेलवे से फिलहाल अनुमति नही मिली है। रेलवे की सहमति के बाद एकमा नगर पंचायत का अलग फीडर हो जाएगा। फिलहाल जो व्यवस्था है उसके तहत एकमा नगर पंचायत को बेहतर विद्युत आपूर्ति हो इसके प्रयास में हूँ।
अनामिका सिंह
मुख्य पार्षद, एकमा नगर पंचायत