इसुआपुर(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के डटरा पुरसौली गांव में बुधवार को होली के दौरान कपड़ा फाड़ होली व डीजे पर जाति बोधक गाना बजाने को लेकर जातिगत उन्माद फैल गया। जिसके बाद दो जाति विशेष के लोगों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दर्जन भर लोग जख्मी हो गए। जिनका प्राथमिक उपचार इसुआपुर पीएचसी में किया गया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी लोगों को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद एक जाति विशेष के लोग काफी उग्र हो गए थे। आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए छपरा-सत्तरघाट मुख्य सड़क को जाम कर जमकर बवाल भी काटा।
प्रशासन की त्वरित सक्रियता से बड़ी घटना होने से बची :
इसुआपुर। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों ने त्वरित सक्रियता दिखाई। जिससे संभावित बड़ी घटना होने से बच गई। एक जाति विशेष के लोग इतने आक्रोशित हो गए थे कि स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं उन्हें आक्रोशित लोगों के क्रोध का कोपभाजन भी होना पड़ा। बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने में उन्होंने काफी सूझ-बुझ से काम लिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी आंसिक क्षति पहुंचाई । वहीं बेकाबू एक युवक ने तो घटना में दोषी लोगों की त्वरित गिरफ्तारी नहीं होने तथा पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाकर अपने शरीर पर ही पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। जिसे पुलिस प्रशासन ने विफल कर दिया।




Recent Comments