इलाज कराने जा रहे पिता-पुत्र समेत तीन घायल

#परवेज़ अख्तर/सिवान :
जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी गांव में साइकिल सवार छात्रा को बचाने के क्रम में बीमार पिता को इलाज कराने जा रहे दो पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में लाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पंजवार निवासी धनपत राम (60) की तबीयत शुक्रवार को अचानक खराब हो गई। इसी बीच उनके दो पुत्रों क्रमश: सत्येंद्र राम एवं सुरेंद्र राम बाइक पर बैठा कर उन्हें इलाज कराने के लिए रघुनाथपुर अस्पताल जा रहे थे तभी मुरारपट्टी गांव के समीप एक साइकिल सवार छात्रा को बचाने में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और बीमार पिता धनपत राम, पुत्र सत्येंद्र राम एवं सुरेंद्र राम बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में
भर्ती कराया जहां तीनों का इलाज चल रहा है। घायल पिता की हालत गंभीर बताई जाती है।