इकलौता पुत्र था डूबने से मरने वाला ऋषभ

✍परवेज अख्तर/सिवान;
सीवान : थाना क्षेत्र के चोरमा गांव के अवधेश पंडित के दस वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार के गुरुवार की शाम गड्ढे में डूबने से हुई मौत मामले में पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। पिता अवधेश पंडित ने दर्ज केस में कहा है कि डूबने से मरने वाला उसका पुत्र इकलौता था। चोरमा मिडिल स्कूल के चौथी कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार की देर शाम पहुंचे सीओ युगेश दास, थानाध्यक्ष विपिन कुमार, एसआई उमाकान्त यादव पुलिसबलों के साथ उसके घर पहुंच परिजनों को सांत्वना दीं और हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम से शव आने के बाद परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मां दुर्गावती देवी, दादी शिवपति देवी शव को देख बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। आसपास की महिलाएं सांत्वना देने और ढांढस बंधाने में जुटी थीं। वहीं पिता अवधेश पंडित व दादा मोतीलाल पंडित व अन्य परिजनों को ग्रामीण ढांढस बंधाने में लगे थे। स्थानीय लोगों के प्रयास से परिजनों को सांत्वना दे बच्चे के शव का दाह संस्कार कर दिया गया। सांत्वना देने वालों में नरेन्द्र कुमार सिन्हा, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, सुभाष तिवारी, मंजय कुमार गुप्ता, वार्ड सदस्य हरिकिशोर राय, अजय पाण्डेय, साहेब सहनी, बबन ठाकुर, दहारी राय व नवीन कुमार शामिल थे।

होनहार ऋषभ से थी काफी उम्मीदें

ऋषभ काफी होनहार छात्र था। उससे परिवार को काफी उम्मीदें थीं। उसकी मौत से खानदान का दीपक बुझ गया है। अब उसकी दो बहनें हीं रह गई हैं। बड़ी बहन रूपा ग्यारह वर्ष की और छोटी बहन दिव्य महज चार वर्ष की है। छोटी बहन इस घटना से अनजान माता-पिता की गोद में बैठ मुस्कुरा रही थी। जबकि परिवार के सभी सदस्य गम में डूबे हुए थे। बच्चे की मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीओ के आदेश पर शुक्रवार को हल्का कर्मचारी नजमुल हक पीड़ित के घर पहुंच घटना की जांच की।