
मांझी। दाउदपुर थाना पुलिस ने चमरहियां बाजार पर 450 लीटर देशी शराब के साथ एक वैगनआर कार को जप्त कर लिया। वहीं दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य मामले में दो पियक्कड़ों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि देशी शराब छपरा से एकमा थाना क्षेत्र के रामपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि साधपुर-चमरहियां मार्ग से एक कार से देशी शराब के साथ धंधेबाज गुजरने वाले हैं। जिसके आधार पर पुलिस पहले हीं चमरहियां बाजार पर पहुंच कर सतर्क थी। जैसे हीं वैगनआर कार पहुंची और उसे रोक कर जब तलाशी ली गई तो बोरी में छिपा कर रखी गई 450 लीटर शराब बरामद हुई। उसके बाद चालक समेत दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया और शराब समेत कार को थाने लाया गया। गिरफ्तार कन्हैया राय व अरुण कुमार राय रामपुर के रहने वाले बताए जाते हैं। गिरफ्तार दोनो युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि नशे की हालत में पुलिस के वरीय पदाधिकारी से उल्टी-सीधी बातें करने व सरकारी कार्य मे बाधा डालने के आरोप में थाना क्षेत्र के गोबरहीं गांव से दो पियक्कड़ों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार रामेश्वर साह का पुत्र धीरज साह एवं राज कुमार सिंह का पुत्र दीपक सिंह शामिल है।




Recent Comments