मांझी। पूर्व से लंबित मांगों को नही मानने पर आंगनबाड़ी सेविकाओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ आगामी चुनाव में मतदान करने का निर्णय लिया है। बुधवार मांझी सीडीपीओ कार्यालय पर कुमारी सुषमा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सेविकाओं ने सामूहिक रूप से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और विरोध में मतदान करने व लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। सेविकाओं ने सरकार के विरुद्ध जम कर नारे भी लगाये। सेविकाओं का कहना था कि कम मानदेय पर हमसे जबरन काम लिया जाता है। कोरोना जैसी महामारी में भी घर-घर जाकर हम सभी बहने अपनी ड्यूटी कर रही हैं। फिर भी सम्मान जनक मानदेय देने के प्रति सरकार गम्भीर नही है। हमें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी भी नही मिलती। इस बार हम सभी सेविका व सहायिका चट्टानी एकता का परिचय देते हुए बहरी सरकार को सबक सिखाने को तैयार हैं। मौके पर संघ की सचिव चांदनी कुमारी सिंह, किरण कुमारी, मनसा देवी, माधुरी कुमारी, ज्ञानती कुमारी, अनामिका देवी, कान्ति देवी, मुन्नी देवी, निर्मला देवी, मंजू देवी, सहित दर्जनों सेविकाएं मौजूद थी।