सीवान :छात्रा का शिक्षिका ने सिर फोड़ा
#न्यूज़ इनपुट -परवेज़ अख्तर
सीवान:
जिले के पचरुखी थाने के मखनुपुर अपग्रेड मिडिल स्कूल के हेडमास्टर ने पहली कक्षा की छात्रा का खाना बनाने वाली लकड़ी से सिर फोड़ दिया। घायल छात्रा का इलाज पचरुखी पीएचसी में कराया गया। घटना बुधवार की है। जानकारी के अनुसार मखनुपुर गांव के कृष्णा साह की 8 वर्षीया बेटी ज्योति गांव के ही अपग्रेड मिडिल स्कूल में पहली क्लास की छात्रा है। बुधवार को वह रोजाना की तरह स्कूल गई। स्कूल में वह अन्य बच्चों के साथ खेलने लगी। इसपर हेडमास्टर मीना कुमारी ने आव देखा न ताव खाना बनाने के लिए रखे लकड़ी से उसे मारने के लिए बढ़ी। पिटाई से बचने के क्रम में ज्योति के सिर पर लकड़ी से चोट लगी जिससे उसका सिर फट गया। सिर से खून भी रिसने लगा। इसकी जानकारी स्कूल के अन्य शिक्षकों को भी देने के बाद प्रबंधन ने फर्स्ट एड की न कोई व्यवस्था ही कराई न ही छात्रा के अभिभावकों को इसकी सूचना दी। बच्ची जब घर पहुंची तो उसकी मां बाजार गई थी। जब वह आई तो ज्योति के सिर से खून बहता देख पूछताछ की।
बेटी ने मां को सारी बात बताई। इसके बाद मां उसे लेकर स्कूल पहुंची। लेकिन, हेडमास्टर नहीं मिलीं। गुरुवार की सुबह बच्ची को इलाज के लिए पचरुखी पीएचसी लाया गया। इसकी सूचना प्रखंड प्रमुख नसीमा खातून को भी दी गई। उन्होंने अस्पताल पहुंच बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के साथ ही छात्रा की मां को हेडमास्टर पर उचित कार्रवाई कराने का भी आश्वासन दिया। लड़की की मां ने इस संबंध में हेडमास्टर पर कार्रवाई के लिए थाने में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।




Recent Comments