11 से 24 जुलाई तक चलाया जाएगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा
#परवेज अख्तर/सिवान ;
सीवान : जनसंख्या स्थिरीकरण की आवश्यकता एवं इससे होने वाले दूरगामी लाभ के प्रति आम जागरूकता बहुत आवश्यक होती है. इसके लिए प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है. इस वर्ष भी 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाएगा. ‘परिवार नियोजन से निभाएं ज़िम्मेदारी, माँ और बच्चे के स्वास्थ्य की पूरी तैयारी’ इस वर्ष की थीम होगी. साथ ही परिवार नियोजन के प्रति सामुदायिक स्तर पर जागरूकता फ़ैलाने एवं परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के इस्तेमाल में बढ़ोतरी के लिए जिले में 11 जुलाई से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा भी चलाया जाएगा. इसको लेकर के कार्यपालक निदेशक राज्य स्वास्थ्य समिति मनोज कुमार ने विश्व जनसंख्या दिवस एवं जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान होने वाली गतिविधियों के बारे में जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन को पत्र लिखकर निर्देशित किया है.
पत्र के माध्यम से 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गयी है. इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार कल्याण मेला आयोजन किया जाएगा. इस मेले में परिवार कल्याण के तहत प्रदान की जाने वाली स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों पर प्रदर्शनी लगाते हुए इससे होने वाले फायदों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी. साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर ‘सारथी’ वैन के माध्यम से परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी जाएगी एवं ओपीडी, प्रसव कक्ष, टीकाकरण केन्द्रों पर डिस्प्ले ट्रे के जरिए लोगों को जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा इच्छुक दम्पतियों के लिए परामर्श सह पंजीयन केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे.
पखवाड़े में जागरूकता के साथ साधन इस्तेमाल पर ज़ोर: परिवार कल्याण कार्यक्रम में तेजी लाने के लिए 11 जुलाई से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अधिक से अधिक योग्य दंपतियों को स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों के इस्तेमाल की सुविधा प्रदान की जाएगी. इसके लिए रेफरल अस्पतालों में नसबंदी शिविर का आयोजन होगा एवं नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों से चिन्हित इच्छुक लाभार्थियों को नसबंदी कैंप ले जाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
स्वास्थ्य इकाईयों पर कंडोम बॉक्स की अनिवार्यता एवं पहले से स्थित कंडोम बॉक्स में नियमित रूप से निरोध का भंडारण भी पखवाड़े के दौरान सुनिश्चित किया जाएगा. इस दौरान जागरूकता रथ के रूप में सारथी वाहन बनाए गए रूट प्लान के मुताबिक प्रत्येक दिन 3 से 4 पंचायत में घूम-घूम कर परिवार नियोजन पर जागरूकता फैलाएगी.




Recent Comments