
•मोतिहारी में अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, पांच कारोबारी धराये
पुलिस ने पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र में संचालित अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने नूनफरवा धांगरटोली चौक पर शनिवार की रात छापेमारी कर पांच शराब कारोबारी सहित नौ को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग किया जा रहे आधा दर्जन से अधिक बर्तन व सात लीटर चुलाई शराब भी बरामद किया गया है। इतना ही नहीं आधा दर्जन से अधिक चूल्हा को भी ध्वस्त कर दिया गया है। छापेमारी का नेतृत्व खुद पकड़ीदयाल डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय कर रहे थे। गिरफ्तार कारोबारियों में नूनफरवा गांव निवासी गुड्डू कुमार, मुन्ना माँझी, सुरेश मांझी ,ननकू राम व चिरैया थाना के महदीपुर गांव के रंभु पासवान शामिल हैं।

जबकि पकड़े गए पियक्कडों में मुकेश सिंह पदुमकेर व नुनफरवा गांव के भोला मांझी, रामपुकार मांझी व द्वारिका मांझी के नाम शामिल हैं। गिरफ्तार कारोबारियों ने पुलिस को अपने सहयोगी कई शराब कारोबारियों के नाम का खुलासा किया है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस संबंध में डीएसपी श्री पांडे ने बताया कि उक्त चौक पर घर घर में चुलाई शराब बनाने का धंधा चल रहा था। जिसकी सूचना मिलते ही टीम गठित कर छापेमारी कर चुलाई शराब के साथ कारोबारियों व पियक्कडों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें पूछताछ के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी में पताही थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, फेनहारा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, पकड़ीदयाल थाना के दरोगा सदानंद सिंह, दरोगा राम बिहारी पांडे, वीरेंद्र राय, दुखित राम, गंगा दयाल ओझा के साथ बीएमपी व सैपबल के जवान शामिल थे।




Recent Comments