संजय विजित्वर(हाजीपुर)- जिला स्वास्थ्य समिति ,वैशाली के द्वारा चलाया जा रहा मास्क जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर आज जिला पदाधिकारी ,वैशाली उदिता सिंह ने रवाना की। इस अवसर पर उनके साथ उप विकास आयुक्त, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी तथा सिविल सर्जन सहित कई सामाहणालय कर्मी भी मौजूद थे। इसी क्रम में हाजीपुर रेलवे जंक्शन परिसर के मुख्यद्वार के समीप जिला स्वास्थ्य समिति की की ओर से मास्क जागरूकता अभियान के तहत लगाये गये स्टाॅल का उद्घाटन उप विकास आयुक्त के कर -कमलों से हुआ तथा उपस्थित कतारबद्ध जनसमूह के बीच रंग,बिरंगे कपड़े के मास्क वितरण किए गए। साथ में कोरोनावायरस से बचाव के लिए क्या करें,क्या ना करें से संबंधित निर्देश वाले पर्चा भी बांटे गये जिसमें घबरायें नहीं,बचाव का तरीका अपनाएं तथा सुरक्षित रहें वाले संदेश अंकित थे।। इस अवसर पर सिविल सर्जन सहित अनेक स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद होकर कुछ देर तक मास्क वितरण करने में भूमिका निभाई। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस बल ने अपनी उपस्थिति से सुचारू ढंग और शांति पूर्वक मास्क वितरण कराने में भूमिका निभाई। यद्यपि कड़ी धूप के कारण यह मास्क वितरण कुछ ही देर तक हुआ तथापि इस स्थल पर उपस्थित कई दर्जन लोगों ने इसका लाभ उठाया।