✍दैनिक खोज खबर सेन्ट्रल डेस्क
🔴गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में सोमवार, 17 जुलाई को ‘पेंशन अदालत’ का आयोजन किया गया. पेंशन अदालत में कुल 96 मामले विचारार्थ प्राप्त हुए थे. इनमें से 52 मामलों का निस्तारण तत्काल कर दिया गया. शेष 44 मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है. इसके अलावा मुख्यालय से संबंधित प्राप्त कुल 53 मामलों में से 28 मामलों का निस्तारण किया गया. शेष 25 मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया की जा रही है. इसी प्रकार यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर से संबंधित प्राप्त 43 मामलों में से 24 का निस्तारण इस मौके पर किया गया. बाकी 19 मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है. इस प्रकार उक्त पेंशन अदालत में कुल 104 मामलों का अंतिम निपटारा किया गया, जबकि कुल 88 मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है.
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक योगेश अस्थाना ने पेंशन अदालत के आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे सेवा निवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के परिवादों का निपटारा शीघ्रता से हो जाता है. मुख्य कार्मिक अधिकारी एल. बी. राय ने कहा कि अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए रेल प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की समस्याओं का निपटारा टास्क फोर्स के रूप में किया जाता है, जिससे उन्हें अतिशीघ्र न्याय मिल सके. वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी/डब्लूएसटी जयराज ने कहा कि हर सरकारी कर्मचारी भविष्य का पेंशनर है. अतः हमें सेवानिवृत्त कर्मियों की पूरी तत्परता से सहायता करनी चाहिए.
पेंशन अदालत की अध्यक्षता पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक योगेश अस्थाना ने की. इस मौके पर मुख्य कार्मिक अधिकारी एल. बी. राय, मुख्य कार्मिक अधिकारी/प्रशासन श्रीप्रकाश, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी/डब्लूएसटी जयराज, मुख्य कारखाना प्रबंधक, यांत्रिक कारखाना गोरखपुर बी. एस. दोहरे, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/अराजपत्रित ए. के. सिंह, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/राजपत्रित सी. पी. दुबे, सहायक कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार, अध्यक्ष, पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन ब्रह्मानंद सिंह, महामंत्री अर्जुन कुमार कोहली, एन. ई. रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारी तथा भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने पेंशन अदालत को पेंशनर्स के लिए न्याय का मंदिर बताते हुए कहा कि इस अदालत में हुए निर्णयों का अनुपालन शीघ्रतापूर्वक सुनिष्चित किया जाए, जिससे पेंशनर्स को अन्य किसी परेशानी का सामना न करना पड़े. कार्यक्रम का संचालन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/अराजपत्रित ए. के. सिंह ने किया तथा उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/राजपत्रित सी. पी. दुबे ने सभी सहभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया.
👉साभार : रेल समाचार डाॅट काॅम




Recent Comments