पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने मृतक किसान के घर जाकर परिजनों को दी सांत्वना
पूरे राजस्थान के किसानों का कर्जा माफ करें सरकार- धारीवाल
फ़िरोज़ खान
कोटा 29 जून। पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने गुरुवार को अयाना के श्रीपुरा गाँव जाकर मृतक किसान मुरलीधर मीणा के परिवारजनों के समक्ष शौक जताया और सांत्वना दी। धारीवाल ने परिजनों से मुलाकात करते हुए मुरलीधर की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। धारीवाल अन्य किसानों से भी मिले, जहां किसान अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिलने से आक्रोश में दिखे और सरकार की नितियों के खिलाफ गुस्सा प्रकट किया।  पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि पिछले तीन साल से लगातार किसान अपनी फसलों के दाम सही नहीं मिलने से घाटे का सौदा कर रहा है और मजबूरन उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ रहा है जो बेहद दुखी करने वालो विषय है लेकिन सरकार कुंभकरणीय नींद में सोई हुई है। धारीवाल ने कहा कि इस वक्त किसान बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है, सरकार पूरे राजस्थान के किसानों के बिजली के बिल माफ करें, कर्जा माफ करें, मृतक किसानों के परिवार को मुआवजा दें और समर्थन मूल्य के लिये कमेटी बनाएं ताकि वो तय करे कि किसान को कृषि उपज के वक्त कितना खर्चा आया और उससे डेढ़ा मुनाफा सरकार किसानों को दें। उन्होनें चेतावनी दी है कि सरकार जल्द किसानों को राहत पहुंचाये नहीं तो कांग्रेस बड़ा किसान आंदोलन करेगी। पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के साथ फल सब्जीमंडी के पूर्व चैयरमेन लटूरलाल नागर, कांग्रेस नेता राजीव आचार्य सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे।