नाहरगढ घटना के आरोपियों की शीघ्र हो गिरफ्तारी
वैश्य समाज मिला पुलिस अधीक्षक से,गृह मंत्री से हुई वार्ता
फ़िरोज़ खान
Edited by azad nab
बारां 19 जुलाई। गत सोमवार को नाहरगढ कस्बे में हुई नकबजनी की वारदात में लिप्त अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर वैश्य महासम्मेलन के प्रतिनिधि मण्डल ने जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इस बारे में  वैश्य महासम्मेलन जयपुर जिलाध्यक्ष सुरेश पाटोदिया ने राज्य के गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया को सारे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए नाहरगढ कस्बे में लगातार घटित हो रही घटनाओं का जिक्र किया तथा नकबजनी के दौरान अपराधियों का विरोध करने पर व्यापार संघ अध्यक्ष तथा मकान मालिक अजय गर्ग पर हुए हमले की जानकारी दी। गृह मंत्री कटारिया ने पूरे मामले की जानकारी लेकर पाटोदिया को आश्वस्त किया कि उन्होनें पुलिस केा निर्देश प्रदान किए है कि तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करें। दूसरी ओर वैश्य समाज के प्रतिनिधि मण्डल का नेतृत्व करते हुए जिलाध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल, अग्रवाल समाज के देवकीनंदन बंसल, विमल कुमार बंसल, जयनारायण हल्दिया, युवा अध्यक्ष पीयूष गर्ग आदि ने जिला पुलिस अधीक्षक को सारी घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधि मण्डल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस वारदात की पूरी लाईन पर चल रही है। कई टीमों का गठन कर वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शीघ्र ही इस वारदात में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।