नगरीय निकायों के निर्माण एवं विकास कार्यो में कोताही बर्दाश्त नहीं, होगी सख्त कार्रवाई

तारिख खान
रायसेन, 10 अप्रैल। सरकार द्वारा नगरीय निकायों के अधोसंरचना विकास तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त धन राशि दी जा रही है। इस धन राशि का समुचित उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण करना सभी नगरीय निकायों के अध्यक्षों एवं नगर पालिका अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा। यह बात नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में कही।
श्रीमती माया सिंह ने यह भी कहा कि योजनाओं एवं कल्याण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन एवं संचालन तथा निर्माण कार्यो में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत मिलने पर तकनीकी विशेषज्ञों के दल भेजकर जांच कराई जाएगी तथा दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं का लाभ न ले पाएं, यह भी सुनिश्चित किया जाए।     
बैठक में समीक्षा के दौरान बाड़ी नगरीय निकाय की पेयजल योजना में लेट-लतीफी तथा हितगाही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के लिए नगरपालिका सीएमओ के विरूद्ध जांच के निर्देश कलेक्टर को दिए। बेगमगंज नगरपालिका की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास के अंर्तगत ठेकेदार द्वारा बनी हुई सड़को की डीपीआर तैयार करने की जानकारी मिलने पर जांच कर ठेकेदार के विरूद्ध जांच के निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने नगरीय निकायों के अध्यक्षों से चर्चा के दौरान नगरीय निकायों के सुचारू संचालन के लिए शत-प्रतिशत सम्पत्ति कर, जलकर एवं अन्य कर की वसूली की बात कही। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को कर वसूली में सहयोग करने के लिए कहा। श्रीमती सिंह ने जिन नगरीय निकायों के भवन पुराने हो गए हैं तथा जिनके पास स्वयं के भवन उपलब्ध नहीं है, उन्हें प्रस्ताव देने के लिए कहा। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों से ई-भुगतान करने की बात कही। बैठक में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे ने सभी नगरीय निकायों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में नगरीय निकायों के अध्यक्ष श्री जमना सेन, श्री केशव पटेल, श्रीमती मुन्नी बाई, श्री मुकेश राय सहित अनेक अध्यक्ष, सहायक कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्र तथा सभी नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।