चिकित्सा, पानी-बिजली की पुख्ता व्यवस्थाएं हों सुनिश्चित:कलेक्टर
भैरु सिंह राजपुरोहित ब्यूरो चीफ-बीकानेर
बीकानेर 24 अप्रैल। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर ने कहा कि गर्मी के मौसम तथा मौसमी बीमारियों के मद्देनजर समस्त अस्पतालों व स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरूस्त रखी जाएं, साथ ही पानी-बिजली आपूर्ति की पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
भाकर सोमवार को कलेक्टेरट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आईजीएनपी एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियो को निर्देश दिए कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि वर्षा व अंधड़ के कारण क्षतिग्रस्त विद्युत पोल व तारों को तत्काल दुरूस्त किया जाए, जिससे विद्युत की निर्बाध आपूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केन्द्रों पर दवाओं की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री राजश्री योजना की प्रगति समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना की किस्त लाभान्वितों को समय पर प्रदान की जाए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बैठक के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पालनहार योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना से सम्बन्धित प्रचार सामग्री समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों व विद्यालयों में वितरित करवाई जाए। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि छात्रावासों का समयबद्ध निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि 60 दिन से अधिक अवधि के लम्बित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया जाए। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के परियोजना अधिकारी गोपेश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत अविद्युतीकृत ढाणियों को सौर ऊर्जा के माध्यम से विद्युतीकृत करवाया जाएगा। नोखा की दो ग्राम पंचायतों में अब तक 705 सौलर लाइट सिस्टम लगा दिये गये हैं।
बैठक में पीएचईडीके अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल, आईजीएनपी के अधीक्षण अभियंता सुरेश स्वामी, उपनिदेशक सांख्यिकी दीपक गोस्वामी, एसीपी सत्येन्द्र सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




Recent Comments