करौली:चारे पानी के अभाव में गायें तोड़ रही दम,प्रशासन बेखबर
राकेश फौजदार (Edited by आज़ाद नेब)
भरतपुर 9 मई। राजस्थान के करौली में नादौती के धोलादाता में चारे पानी के अभाव में गायें दम तोड़ रही है। अनेक पशु बीमार होकर मौत के आगोश में समाने की तैयार हैं। प्रशासनिक स्तर पर कहा जा रहा है कि यहां कोई गाय नहीं मर रही है और व्यवस्थाएं दुरूस्त हैं जबकि स्थिति इसके ठीक विपरित दिखाई दे रही है। धोला दाता के बोराड़ा तालाब में गायों का मरना और बीमार पडऩे का सिलसिला जारी है। चारे-पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते मवेशी भूख-प्यास से व्याकुल हो रहे हैं। चारे पानी के अभाव में गोवंश की हो रही दयनीय हालत पर एक ओर प्रशासन जहां सुस्त बैठा है वहीं समाजसेवी व अन्य लोग गोवंश को बचाने के लिए आगे आ रहे हैं लेकिन यह व्यवस्थाएं ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। यहां भूख प्यास से प्रतिदिन 4-5 गोवंश मर रहा है। बताया गया है कि पिछले वर्ष धौलादाता के पास दानदाताओं की ओर से एक हजार फीट गहरे चार नलकूप बना कर ग्राम पंचायत को दान कर दिए गए। नलकूपों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें अब तक शुरू नहीं किया गया है। समाजसेवियों की ओर से पहाड़ पर ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरकर चारा पहुंचाया जा रहा है। वहीं टैंकर के माध्यम से प्रमुख स्थानों मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि चारे की ट्रॉली व पानी का टैंकर पहाड़ पर पहुंचता है तो गायों के झुंड वहां दौड़ आते हैं।




Recent Comments