माँझी(सारण)। शुक्रवार को स्थानीय बलिया मोड़ से वाहन चेकिंग के दौरान मांझी पुलिस ने शराब लदी एक ऑल्टो कार जप्त किया है। जब्त कार से 213 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है। वहीं चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि होली को लेकर इन दिनों सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है इसी दौरान यूपी के तरफ से एक ऑल्टो कार आती दिखाई दी जिसे रोककर जांच किया गया तो ऊपर से देखने में कार बिल्कुल खाली नजर आ रही थी लेकिन जब बारीकी से जांच की गई तो कार में विशेष प्रकार के बने तहखाने से भारी मात्रा में कीमती शराब पाया गया। कार में रखे सीएनजी के खाली सिलेंडर में भी शराब भरा हुआ था। बरामद शराब की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपया बताई जा रही है। जब्त कार शराब लादकर दिल्ली से दरभंगा के लिए चली थी। गिरफ्तार चालक सोनीपत निवासी नीरज गौतम बताया जा रहा है। चालक ने बताया कि उसे गाड़ी में शराब होने की जानकारी नहीं थी।उसको सिर्फ गाड़ी पहुंचाने की बात कह कर भेजा गया था। तथा कार पहुंचाने के एवज में उसे पांच हजार रुपया मिलना था। लेकिन मांझी पुलिस ने बलिया मोड़ पर ही दबोच लिया।