*हेलियस फाइनेंस ग्रुप का निदेशक संजय सिंह गिरफ्तार*
*✍श्रीनारद संवाद सेवा*
☀पटना : देश के लाखों निवेशकों के करोड़ों रुपए लेकर वर्षों से फरार हेलियस फाइनेंस ग्रुप कंपनी के निदेशक संजय सिंह को एसआईटी ने गुरुवार को धर दबोचा। गिरफ्तारी कोतवाली थाने के पटना हाईकोर्ट के समीप से की गयी। संजय के खिलाफ राजधानी सहित ग्रामीण इलाकों के कई थानों में दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें अधिकतर धोखाधड़ी के हैं। संजय के खिलाफ कोतवाली थाने में सालों से गिरफ्तारी वारंट भी लंबित था। संजय का कई हाईप्रोफाइल लोगों से करीबी संबंध है। गिरफ्तारी होते ही संजय को छोड़ने के लिए पुलिस के पास कई लोगों के फोन कॉल भी आने लगे।
पटना जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान ने कुछ दिनों पहले कोतवाली थाने का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान संजय के खिलाफ कई केस पेडिंग पाए थे। उसके खिलाफ कोर्ट से निर्गत गिरफ्तारी वारंट भी थाने में धूल फांक रहा था। इसके बाद आईजी ने संजय को गिरफ्तार करने के लिए एसएसपी से लेकर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया था। संजय को दबोचने के लिए तभी से एसआईटी लगी थी। पखवारे भर बाद संजय को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
संजय सिंह मूलरूप से बाढ़ का रहनेवाला है। बाढ़ थाने में उसके खिलाफ दलित उत्पीड़न के मामले भी हैं। इस मामले में भी वह लंबे समय से फरार चल रहा था। छानबीन में यह भी पता चला है कि जिस कंपनी का संजय सिंह निदेशक है उसकी काफी जमीन पटना व इससे सटे इलाके में है। इस जमीन की खरीद-बिक्री पर हाईकोर्ट के साथ ही सेबी ने प्रतिबंध लगा दिया है। बावजूद संजय सिंह इस जमीन को चोरी-छिपे बेच रहा था। सगुना मोड़ के समीप भी कंपनी के नाम से करोड़ों की जमीन है। इस जमीन को भी बेचने की कोशिश की जा रही थी।
👉 कई नेताओं व पुलिस अफसरों से संबंध : संजय सिंह के कई बड़े नेताओं व पुलिस अफसरों से करीबी संबंध है। यही कारण है कि अब तक वह कानून को ठेंगा दिखाते हुए आराम से घूम रहा था। कई अफसरों के साथ बैठ कर वह पार्टी भी करता था।
👉फिल्मों में अजमाया है हाथ : लोगों के करोड़ों रुपए डकारने वाले संजय सिंह ने फिल्मों में भी हाथ अजमाया था। लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई उसकी कंपनी में इसलिए लगाया था ताकि कुछ समय बाद वह दुगना हो जाएगा। दुगना होने की बात तो छोड़िए, उनके मूलधन को भी संजय सिंह व उसकी कंपनी डकार गई। लोगों के पैसे वह फिल्म बनाने में भी लगाकर ऐश-मौज किया करता था।
👉क्या कहते है अधिकारी :
संजय के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई मामले थानों में दर्ज है। कई मामलों में वह फरार चल रहा था। गुरुवार को उसे हाईकोर्ट के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। —
नैय्यर हसनैन खान, जोनल आईजी, पटना





Recent Comments